जेपी आंदोलन की उपज हैं रामगोविन्द चौधरी

10 Jul 2025

---जन्मदिन पर विशेष---
-छात्रसंघ की नर्सरी से निकलकर नेता विरोधी दल तक का तय किया सफर
-राजनीतिक जीवन में जेल गये, आंदोलनों में दर्ज करायी दमदार भागीदारी
-आठ बार विधायक निर्वाचित हुए, तीन बार सपा सरकार में रहे कैबिनेट मंत्री

रविन्द्र यादव
------------
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में 9 जुलाई 1953 को गोसाईपुर गांव में जन्मे उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी की विद्यार्थी जीवन से ही सामाजिक ताने-बाने में अभिरुचि रही है। विद्यार्थी जीवन में टीडी कॉलेज बलिया में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के दौरान छात्र आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने के दौरान आपका व्यक्तित्व निखरता गया। टीडी कॉलेज बलिया छात्रसंघ चुनाव में आप छात्रसंघ अध्यक्ष निर्वाचित हुए। तत्कालीन समय में लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने जब पटना के गांधी मैदान से संपूर्ण क्रांति का उद्घोष किया तो युवा चिंगारी के रूप में रामगोविंद चौधरी जेपी आंदोलन में कूद पड़े। तमाम यातनाओं को सहते हुए जेल यात्रा भी करनी पड़ी।
चंद्रशेखर के रहे भरोसेमंद
आचार्य नरेंद्र देव के शिष्य जननायक और भारत के प्रथम समाजवादी प्रधानमंत्री स्वर्गीय चंद्रशेखर का भी सानिध्य रामगोविंद चौधरी को प्राप्त हुआ। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। चंद्रशेखर, रामगोविंद चौधरी पर इतना भरोसा रखते थे कि अपनी तमाम राजनीतिक यात्राओं में उन्हें मुख्य भूमिका की जिम्मेदारी सौंपते रहे। इतना ही नहीं बाद में जब चंद्रशेखर अपनी समाजवादी जनता पार्टी से स्वयं लोकसभा का चुनाव लड़ते थे तो वहीं दूसरी तरफ बलिया के एक अदद सीट से रामगोविंद चौधरी को भी उत्तर प्रदेश विधानसभा में लगातार भेजने का काम किये। अपने नेता और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर के प्रति इतनी निष्ठा रामगोविंद चौधरी में थी कि एक बार जब चंद्रशेखर जी लोकसभा का चुनाव दुर्भाग्यवश हार गए थे और उसी निर्वाचन क्षेत्र में रामगोविंद चौधरी जी का निर्वाचन क्षेत्र भी आता था तो रामगोविंद बहुत ही ममर्माहत हुए और उत्तर प्रदेश विधानसभा की सदस्यता से यह कह कर इस्तीफा दे दिया कि हम नैतिक रूप से अपने नेता को चुनाव जिताने में असफल रहे। लिहाजा हम अपने विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र दे रहे हैं। आज के दौर में शायद ही ऐसे राजनेता होंगे।
मुलायम के अनुरोध पर चंद्रशेखर ने भेजा था सपा में
रामगोविंद चौधरी को मुलायम सिंह यादव के अनुरोध पर चंद्रशेखर ने समाजवादी पार्टी में भेजा था, तब से लेकर आज तक वह समाजवादी पार्टी में पूरी निष्ठा और समर्पण से हैं। सपा मुखिया अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी को आगे ले जाने का अथक प्रयास कर रहे हैं। उनकी निष्ठा, समर्पण, संघर्ष और योग्यता को देखकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें पार्टी से नेता विरोधी दल नामित भी किया। इसका संपूर्ण निर्वहन करते हुए समय-समय पर उत्तर प्रदेश के विधानसभा में अपनी मुखरता साबित करते रहे। इतना ही नहीं इन्होंने कई बार उत्तर प्रदेश के विधानसभा में अपनी वाक-पटुता और संसदीय विद्वता से सरकार के अगुआ को असहज भी किया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को संसदीय मर्यादाओं का भान भी कराया।

आठ बार विधायक, तीन बार कैबिनेट मंत्री
रामगोविन्द चौधरी अपने राजनीतिक जीवन में दस बार विधानसभा चुनाव लड़े हैं। इसमें आठ बार चुनाव जीते। तीन बार वह कैबिनेट मंत्री रहे हैं। दो बार मुलायम सिंह यादव व एक बार अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे l
(लेखक मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के निवर्तमान राष्ट्रीय सचिव हैं।)



अन्य समाचार