
शिक्षकों के हृदय में अमिट छाप छोड़ गए खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी
19 Nov 2026
मऊ : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के ब्लॉक संसाधन केंद्र परिसर में गुरुवार को निवर्तमान खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी के सम्मान में विकासखंड के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों ने उन्हें पुष्पमालाओं से अलंकृत कर उनके कुशल नेतृत्व, सहज व्यवहार, प्रशासनिक दक्षता एवं शिक्षा के उन्नयन हेतु किए गए उल्लेखनीय प्रयासों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
रसड़ा के लिए हुआ है स्थानांतरण
ज्ञातव्य है कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा प्रदेश स्तर पर खंड शिक्षा अधिकारियों के व्यापक स्थानांतरण किए गए हैं। इसी क्रम में मुहम्मदाबाद गोहना के खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी का स्थानांतरण जनपद बलिया के शिक्षा क्षेत्र रसड़ा में किया गया है।
सुबह से ही लगा रहा शिक्षकों का तांता
ओमप्रकाश तिवारी की लोकप्रियता एवं शिक्षकों के साथ उनके आत्मीय संबंधों का अनुमान इसी तथ्य से लगाया जा सकता है कि गुरुवार प्रातःकाल से ही ब्लॉक संसाधन केंद्र परिसर में उन्हें विदाई देने के लिए शिक्षक-शिक्षिकाओं का तांता लगा रहा। शिक्षकों ने पुष्पमालाएं पहनाकर तथा शुभकामनाएं व्यक्त कर उनके प्रति अपना स्नेह एवं सम्मान प्रदर्शित किया। इस दौरान अनेक शिक्षक भावुक दिखाई दिए।
शैक्षिक गुणवत्ता को मिला विशेष महत्व
विदाई समारोह में उपस्थित शिक्षकों ने ओमप्रकाश तिवारी के कार्यकाल को स्मरण करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना में शैक्षिक गुणवत्ता संवर्धन, नवाचारों को प्रोत्साहन, शिक्षक-समन्वय, विद्यालयों के शैक्षिक परिवेश में सुधार तथा विभिन्न विभागीय कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को विशेष महत्व मिला।
अनुशासन और संवेदनशीलता का रहा समन्वय
उनकी कार्यशैली की सबसे बड़ी विशेषता प्रशासनिक अनुशासन के साथ मानवीय संवेदनशीलता का सुंदर समन्वय रही। उन्होंने शिक्षकों के साथ केवल एक प्रशासनिक अधिकारी के रूप में ही नहीं, बल्कि मार्गदर्शक, प्रेरक एवं सहयोगी के रूप में भी आत्मीय संबंध स्थापित किए।
एसआरजी बोले, ऐसे अधिकारी कभी विदा नहीं होते
इस अवसर पर राज्य संदर्भ समूह (एसआरजी) के सदस्य संजय कुमार तिवारी ने कहा कि ओमप्रकाश तिवारी जैसे बहुआयामी व्यक्तित्व एवं दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता का स्थानांतरण शिक्षा क्षेत्र के लिए एक भावनात्मक क्षण है। उनका सरल स्वभाव, सकारात्मक दृष्टिकोण, नवाचारों के प्रति प्रतिबद्धता तथा शिक्षकों को निरंतर प्रोत्साहित करने की अद्भुत क्षमता सदैव स्मरणीय रहेगी। उन्होंने कहा कि स्थानांतरण प्रशासनिक व्यवस्था की एक स्वाभाविक प्रक्रिया है, किंतु अपने उत्कृष्ट कार्यों, मानवीय संवेदनाओं और आत्मीय व्यवहार से लोगों के हृदय में स्थान बनाने वाले अधिकारी कभी वास्तव में विदा नहीं होते। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहता है।
शिक्षक संघ ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामना
समारोह में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सुनील कुमार यादव सहित अन्य शिक्षकों ने भी ओमप्रकाश तिवारी के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं नवीन कार्यस्थल पर सफल कार्यकाल की मंगलकामना की।
बड़ी संख्या में शिक्षक रहे उपस्थित
इस अवसर पर प्रमुख रूप से एसआरजी संजय कुमार तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष सुनील कुमार यादव, कंपोजिट विद्यालय मुहम्मदाबाद गोहना-द्वितीय के प्रभारी प्रधानाध्यापक राजेश कुमार, धनंजय कुमार सिंह, राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित स्वतंत्र कुमार श्रीवास्तव, पूर्व बीआरसी समन्वयक एवं शिक्षक संगठन के कई बार अध्यक्ष रह चुके शशिभूषण राय, संगठन के मंत्री अनिल कुमार सिंह, ऊषा मौर्या, सीमा सिंह तथा मंजू चौरसिया सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।


