
देवलास मेले में धमकी फोर्स
17 Nov 2026
- सीओ ने किया निरीक्षण
मऊ : प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी देवल मुनि की तपोस्थली देवलास में डाला छठ से ही मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में विभिन्न जनपदों के दुकानदार आकर अपनी दुकानों को सजाते हैं और इस मेले में कई जनपदों के लोग देवल मुनि की तपोभूमि सूर्य मंदिर में पहुंचकर दर्शन करते हैं, जिससे उनकी मनोकामना भी पूरी होती है।
इसलिए पुलिस का भ्रमण
मेले में भक्तों को किसी प्रकार की समस्या न हो, इसको लेकर मंगलवार को पुलिस उपाधीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ मेले का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों समेत मेले में आए हुए लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि आप लोग इस धर्मस्थली में आए हैं, आप सभी का कर्तव्य है कि गरीब-असहाय आदि लोगों की मदद करें, जिससे वह परिवार खुश हो और आपको आशीर्वाद दे।
कायम रखें भाईचारा
कहा कि मेला हम सभी लोगों का है, किसी भी त्योहार को मनाने के लिए हम सभी का यह कर्तव्य है कि मिलजुल कर मनाते हुए खुशहाली व आपसी भाईचारा का सौहार्द कायम रखें। लगभग 1 घंटे तक पुलिस उपाधीक्षक जितेंद्र सिंह ने मेले का निरीक्षण किया। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक समेत महिला पुलिस, क्षेत्र के ग्राम प्रधान एवं संभ्रांत लोग उपस्थित रहे।


