
रानीपुर में दी गई वैज्ञानिक तरीके से खेती की जानकारी
19 Nov 2026
दो दिवसीय कृषक प्रशिक्षण में वैज्ञानिकों ने दी आधुनिक जानकारी
मऊ : रानीपुर विकास खंड सभागार में बुधवार को कृषि विभाग द्वारा सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा) योजनांतर्गत दो दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें काफी संख्या में कृषकों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण हेतु कृषि विज्ञान केंद्र पिलखी से आए वैज्ञानिक डॉ. आकांक्षा सिंह एवं डॉ. अंगद यादव ने कृषकों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने के लिए प्रेरित किया।
खेती से बढ़ेगी आय
डॉ. आकांक्षा सिंह ने कृषकों को प्रशिक्षण में बताया कि किसान भाई केवल गेहूं-धान की खेती करके बहुत ही सीमित मात्रा में आय प्राप्त कर सकते हैं। परंतु इसके साथ-साथ अगर किसान भाई मशरूम, फूल, फल तथा कुछ आयुर्वेदिक पौधों को लगाकर उनसे बहुत ही अच्छा उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं।
जैविक विधि से करें कीट प्रबंधन
वहीं एडीओ पीपी यशवंत कुशवाहा ने फसलों में लगने वाले कीट एवं रोगों पर प्रकाश डालते हुए जैविक विधि से कीट प्रबंधन के लिए प्रशिक्षित किया तथा बताया कि जैविक विधि से प्रबंधन हेतु ब्लॉक पर फेरोमन ट्रैप एवं सोलर लाइट ट्रैप, स्टिकी ट्रैप इत्यादि सब्सिडी पर किसानों के लिए बीज गोदाम पर उपलब्ध हैं। जिससे किसान बिना किसी रासायनिक दवाओं के प्रयोग से कीट प्रबंधन कर सकते हैं।
फसल बीमा की सलाह
किसानों द्वारा वार्ता करने पर उनकी मुख्य समस्या धान की फसल बारिश में नष्ट होने पर टेक्नीकल असिस्टेंट पंकज सिंह ने बताया कि सभी किसान भाई फसल बीमा अवश्य कराएं। फसल बीमा किसान भाई स्वयं अपने मोबाइल से अथवा किसी भी बैंक से या जन सेवा केंद्र से आसानी से करा सकते हैं। ताकि किसी प्रकार की प्राकृतिक आपदा में नष्ट हुई फसलों का उचित मुआवजा मिल सके।
इनकी भी रही मौजूदगी
अंत में प्रशिक्षण का समापन एडीओ एजी संतोष कुमार मिश्रा ने अपने संबोधन में प्रशिक्षण में आए किसानों व वैज्ञानिकों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए किया। उक्त प्रशिक्षण में राजेंद्र सिंह, रामशरण सिंह, दूधनाथ राम, रमेश यादव, विजयबहादुर यादव इत्यादि कृषक उपस्थित रहे।


