
सांसद बालकृष्ण चौहान की प्रतिमा का अनावरण
16 Nov 2026
मऊ : चौहान समाज के प्रथम सांसद रहे स्वर्गीय बालकृष्ण चौहान की प्रथम पुण्यतिथि पर सोमवार को सुरहुरपुर स्थित उनके समाधि स्थल पर प्रतिमा अनावरण एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और समाज के गणमान्य लोगों ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्य अतिथि रहे डॉक्टर बलिराम
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद डॉ. बलिराम तथा विशिष्ट अतिथि मधुबन विधायक रामविलास चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य एवं चंद्रमोहन चौहान रहे। अतिथियों ने स्वर्गीय बालकृष्ण चौहान के पौत्र विक्रम चौहान एवं समस्त चौहान परिवार की उपस्थिति में समाधि स्थल पर स्थापित उनकी प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। इसके बाद अतिथियों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। तत्पश्चात आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
पुष्प चढ़ाकर दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व सांसद डॉ. बलिराम, विधायक रामविलास चौहान और भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य समेत कई दिग्गजों ने प्रतिमा का अनावरण किया। जिसके बाद प्रतिमा पर पुष्प माला चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी।
वक्ताओं ने बताया समाजसेवा के लिए समर्पित था जीवन
सभा को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि स्वर्गीय बालकृष्ण चौहान का संपूर्ण जीवन समाजसेवा, जनहित और सामाजिक एकता के लिए समर्पित रहा। उन्होंने अपने कार्यों और विचारों के माध्यम से समाज में एक अलग पहचान बनाई। उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। वक्ताओं ने लोगों से उनके बताए मार्ग पर चलने तथा सामाजिक एकता को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
इनकी रही प्रमुख मौजूदगी
इस मौके पर भोला चौहान, कैलाश चौहान, शैलेंद्र यादव उर्फ साधु, डॉ. धर्म सिंह गौतम, राकेश सिंह, देवेश राय, देवेंद्र सिंह, कृष्ण चौहान, लल्लन चौहान, जेके आजाद, उमाशंकर सिंह, वीरेंद्र तिवारी, कन्हैया मौर्य, वीरेंद्र चौहान, सुभाष चौहान, विशाल चौहान, धर्मेंद्र सिंह, कमलेश चौहान, चंद्रभान चौहान, सुरेंद्र चौहान, डॉ. देवेंद्र, महेंद्र, वीरेंद्र कुशवाहा, स्वामीनाथन एवं लालचंद प्रधान सहित क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से आए गणमान्य नागरिक और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता उपस्थित रहे।


