
मनाजीत बाईपास पर युवक की बाइक चोरी
17 Nov 2026
- 20 दिन बाद दर्ज हुई एफआईआर
चिरैयाकोट।मऊ : थाना क्षेत्र के मनाजीत बाईपास के समीप पेट्रोल पम्प के पास बाइक पार्क करके मूर्ति विसर्जन देखने आए युवक की बाइक चोरी हो गई। इस बाबत पुलिस ने गत दिवस पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। परंतु घटना की जांच पड़ताल के नाम पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने में 20 दिन लगा दिया। अब आवश्यक कार्यवाही करते हुए मामला दर्ज कर बाइक का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
26 अक्टूबर को चिरैयाकोट आया था युवक
आजमगढ़ जनपद के जीयनपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम तरीका/लाटघाट निवासी विजय कुमार 26 अक्टूबर 2026 को बाइक द्वारा चिरैयाकोट बाजार मूर्ति विसर्जन देखने आया था। इस दौरान अपनी बाइक मनाजीत बाईपास की तरफ एक पेट्रोल पम्प के समीप पार्क में खड़ी करके चला गया। जब वापस आया तो उसकी बाइक गायब थी। जिसकी इधर-उधर तलाश करने के बाद थाने में घटना की तहरीर दी। परंतु एफआईआर दर्ज करने में पुलिस ने 20 दिन से अधिक समय लगा दिया।


