
करमी में पंचायत के दौरान दलित परिवार पर हमला
17 Nov 2026
-पूर्व प्रधान समेत दो पर एससी-एसटी एक्ट में केस दर्ज
चिरैयाकोट।मऊ : थाना क्षेत्र के करमी गांव में गत दिवस पंचायत के दौरान गांव के पूर्व प्रधान और उनके भाई द्वारा विपक्षी के पक्ष में आकर पीड़ित परिवार पक्ष को मारपीट कर घायल कर दिया। इस बाबत पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व प्रधान सहित दो लोगों के विरुद्ध एससी-एसटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की।
जान से मारने की दी धमकी
थाना क्षेत्र ग्राम करमी दलित बस्ती निवासी विरेन्द्र राम पुत्र स्व. शिवनाथ राम द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक विपक्षी गुदना देवी पत्नी स्व. राजकुमार राम निवासी करमी से जमीनी विवाद चल रहा है। दिनांक 13.11.2026 को सुबह लगभग 9 बजे उसने पंच और गांव के पूर्व प्रधानों को बुलाकर पंचायत इकट्ठा किया। इस दौरान पंचायत में गुदना देवी नहीं आई, तभी उसके पक्ष से ग्राम करमी के पूर्व प्रधान मनीष सिंह और छोटे भाई रवि उर्फ छोटक सिंह आकर जातिसूचक गालियां दीं तथा लात-घूंसों से उसे, उसकी पत्नी दुलारी देवी व पुत्र अर्जुन राम को मारे-पीटे। तथा जाते समय विपक्षियों ने उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
सीओ ने एसओ को दिए कार्रवाई के निर्देश
थानाध्यक्ष विजय प्रकाश मौर्य ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के विरुद्ध एससी-एसटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की। घटना के गत दिवस सीओ मोहम्मदाबाद गोहना जितेन्द्र सिंह ने मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल की व आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए एसओ को निर्देश दिए। जिसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।


