मुहम्मदाबाद में स्व-गणना को लेकर किया गया जागरूक

19 Nov 2026


मऊ : जनगणना-2027 के अंतर्गत 16 नवंबर 2026 से प्रारंभ हुई स्व-गणना प्रक्रिया के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनसामान्य को जागरूक करने के उद्देश्य से पब्लिक महिला पीजी कॉलेज, बरामदपुर, मुहम्मदाबाद गोहना में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में तहसीलदार सुधांशु शेखर व जनगणना-2027 के फील्ड ट्रेनर द्वारा कॉलेज के अध्यापकों एवं छात्राओं को स्व-गणना के महत्व तथा इसकी ऑनलाइन प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

इस तरह करें स्व-गणना

उपस्थित लोगों को फील्ड ट्रेनर द्वारा बताया गया कि स्व-गणना हेतु आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर राज्य उत्तर प्रदेश एवं अपनी पसंद की भाषा का चयन करना होगा। इसके बाद प्रथम चरण में दिए गए मोबाइल नंबर के माध्यम से कैप्चा एवं ओटीपी सत्यापन कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपने घर की लोकेशन की पुष्टि करनी होगी। तत्पश्चात परिवार के मुखिया एवं परिवार के अन्य सदस्यों का आवश्यक विवरण तथा मांगी गई शेष जानकारियां भरकर फॉर्म सबमिट करना होगा। फॉर्म सबमिट होने के बाद प्राप्त पावती को सुरक्षित रखना होगा तथा जनगणना कर्मी (प्रगणक) के घर आने पर उसे दिखाकर आवश्यक सत्यापन कराना होगा।

दूसरों को भी करें प्रेरित :  तहसीलदार

इस अवसर पर तहसीलदार ने सभी अध्यापकों एवं छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं एवं अपने परिवार की स्व-गणना अवश्य करें तथा अपने आस-पड़ोस, रिश्तेदारों एवं परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि छात्राएं समाज में जागरूकता फैलाने की महत्वपूर्ण कड़ी बन सकती हैं। फील्ड ट्रेनर ने स्व-गणना की प्रक्रिया को सरल तरीके से समझाते हुए उपस्थित लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।

राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने की अपील

कार्यक्रम के माध्यम से सभी से अपील की गई कि जनगणना-2027 के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक परिवारों की स्व-गणना कराएं तथा अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें। इस मौके पर पब्लिक महिला पीजी कॉलेज के प्रबंधक तथा प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।



अन्य समाचार