बरामदपुर में कबाड़ के गोदाम में लगी भीषण आग

19 Nov 2026

- 15 लाख का सामान राख

मऊ : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जमीन बरामदपुर स्थित एक अहाते में बुधवार की देर रात अज्ञात कारणों से प्लास्टिक कबाड़ के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस अग्निकांड में गोदाम में रखा ई-रिक्शा, मैजिक वाहन समेत प्लास्टिक कबाड़ का अन्य सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। पीड़ित अभय जायसवाल पुत्र लवकुश जायसवाल के अनुसार इस घटना में करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

देखते ही देखते आग ने धरा विकराल रूप

बुधवार की रात करीब दो बजे अहाते में रखे प्लास्टिक कबाड़ के सामान में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखा सामान इसकी चपेट में आ गया। आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने इसकी सूचना फायर सर्विस को दी।

मशक्कत के बाद पाया गया काबू

सूचना पर पहुंचे अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक गोदाम में रखा ई-रिक्शा, मैजिक वाहन और बड़ी मात्रा में प्लास्टिक का कबाड़ जलकर नष्ट हो चुका था। इस घटना से पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।



अन्य समाचार