
देवलास मेले में घुड़दौड़ में बक्सर का घोड़ा अव्वल
19 Nov 2026
मऊ : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के देवलास मेले में बुधवार को आयोजित पारंपरिक घुड़दौड़ प्रतियोगिता में घोड़ों ने अपनी रफ्तार और शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से आए घुड़सवारों ने अपने घोड़ों के साथ हिस्सा लिया। रोमांचक मुकाबले में जोगिंदर सिंह बक्सर का घोड़ा प्रथम स्थान पर रहा। उसकी शानदार दौड़ और तेज रफ्तार देखकर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साहवर्धन किया।
दूर-दराज से पहुंचे दर्शक, टापों से गूंजा मैदान
देवलास मेले में आयोजित इस प्रतियोगिता को देखने के लिए आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। प्रतियोगिता शुरू होते ही मैदान में दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। घोड़ों की टापों की आवाज और उनकी तेज रफ्तार से पूरा मैदान रोमांचित हो उठा। हर कोई अपने पसंदीदा घोड़े और घुड़सवार का उत्साह बढ़ाता नजर आया।
गंगवा यादव के करतब से बक्सर का घोड़ा बना विजेता
प्रतियोगिता में शामिल घोड़ों ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी। घुड़सवारों ने भी अपने घोड़ों पर बेहतरीन नियंत्रण और संतुलन का प्रदर्शन किया। कई चरणों में हुए मुकाबले के दौरान दर्शकों की निगाहें मैदान पर टिकी रहीं। अंत में जोगिंदर सिंह बक्सर का घोड़ा सबसे आगे निकलकर प्रथम स्थान हासिल करने में सफल रहा। दूसरे स्थान पर मुकेश यादव मऊ और तीसरे स्थान पर आजमगढ़ जिले के पूर्व प्रधान हीरालाल का घोड़ा रहा। जोगिंदर सिंह बक्सर के घुड़सवार गंगवा यादव ने करतब दिखाते हुए अपने घोड़े को प्रथम स्थान पर लाने का काम किया।
आयोजक बोले, परंपरा को जीवित रखते हैं ऐसे आयोजन
आयोजक रामविलास यादव मुन्ना ने बताया कि देवलास मेले में घुड़दौड़ प्रतियोगिता का विशेष आकर्षण रहता है। इस तरह के आयोजन क्षेत्र की परंपरा को जीवित रखते हैं।


