ठंड और घने कोहरे की चादर में लिपटी रही गुरुवार की सुबह 

19 Nov 2026

चिरैयाकोट (मऊ) : गुरुवार की सुबह क्षेत्र में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। सुबह होते ही पूरे इलाके में घना कोहरा छा गया। कोहरे की सफेद चादर से कस्बा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र ढक गए। सुबह करीब 10 बजे तक कोहरा छाए रहने के कारण जनजीवन प्रभावित रहा।

हेडलाइट जलाकर चले वाहन, थमी रही रफ्तार

सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहन चालक दिन में भी हेडलाइट जलाकर धीमी गति से चलते नजर आए। घने कोहरे के चलते सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थमी रही। ग्रामीण इलाकों में खेत-खलिहान भी कोहरे की चादर में ढके नजर आए।

बच्चों और मॉर्निंग वॉक वालों को हुई दिक्कत

सुबह कामकाज के सिलसिले में घरों से निकलने वाले लोगों को भी ठंड और कोहरे के कारण दिक्कत हुई। स्कूली बच्चों को भी सुबह विद्यालय जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले लोगों की संख्या भी कम दिखाई दी।

घने कोहरे से बढ़ी ठंड, रेंगती रहीं गाड़ियां

क्षेत्र में गुरुवार की भोर से घने कोहरे से जहां एकाएक ठंड में वृद्धि हो गई, वहीं मार्ग पर यातायात जटिल बना रहा। ग्रामीण इलाकों से लेकर राज्य मार्ग पर वाहन चींटियों की तरह रेंगने रहे। हाल यह रहा कि 15 मिनट का सफर घंटों में तय करना पड़ा। वहीं सुबह साग-सब्जी लेकर बिक्री करने मंडी आने-जाने वालों सहित खेतों में कार्य करने वाले किसानों को काफी फजीहत उठानी पड़ी।

10 बजे के बाद खुला मौसम, लोगों ने ली राहत की सांस
प्रातः 10 बजे के बाद मौसम में खुलने पर लोगों ने राहत की सांस ली। जो दिनभर लोगों में विशेष चर्चा का विषय बना रहा। गुरुवार की अलसुबह अचानक घने कोहरे ने माहौल को अव्यवस्थित कर डाला। जिसकी वजह से लोगों को अपने गर्म कपड़े पहनने को मजबूर होना पड़ा। वहीं सड़कों पर चलने वाले वाहनों की रफ्तार थम गई। वाहन चालकों को दिन निकलने के बाद भी लाइट जलाकर सफर करना पड़ा। कम दृश्यता के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ी।



अन्य समाचार