
नमी के कारण धान खरीद में आ रही बाधा
19 Nov 2026
मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र में बने धान क्रय केंद्र
मऊ : जिलाधिकारी आनंद वर्धन के आदेश के क्रम में मुहम्मदाबाद गोहना तहसील स्थित साधन सहकारी समितियों एवं दो विपणन केंद्रों को धान क्रय केंद्र बनाया गया है। इन सभी समितियों पर किसानों के बैठने के लिए छाया, पानी, नमी मापक यंत्र आदि की सुविधा एवं बोरा उपलब्ध है। इसके बावजूद किसी भी साधन सहकारी समिति पर अभी तक धान की खरीद नहीं हो सकी है। इसका मुख्य कारण धान में नमी होना बताया जा रहा है।
शेख अहमदपुर में हुई पहली खरीद
वहीं विपणन केंद्र द्वारा धान खरीद हेतु शेख अहमदपुर में धान खरीद केंद्र खोला गया है, जहां मंगलवार को दीनानाथ यादव निवासी केरमा द्वारा धान बेचा गया। इसके अलावा अन्य समितियों पर अभी कोई खरीद नहीं हो सकी है।
सुबह 9 से शाम 6 बजे तक खुलेंगे केंद्र
उप जिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री ने बताया कि सभी केंद्र सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक किसानों के लिए खुले रहेंगे। अगर इस दौरान कोई भी केंद्र पर ताला बंद पाया गया तो निश्चित रूप से उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने बताया कि कई समितियों पर किसानों के टोकन भी लगाए गए हैं। जैसे ही नमी समाप्त होगी, वैसे ही किसान अलग-अलग समितियों पर अपने धान को बेचने का कार्य करेंगे। वहीं कुछ किसानों ने बताया कि अभी उनकी फार्मर रजिस्ट्री पूरी तरह कंप्लीट नहीं है, जिसके चलते भी समस्या आ रही है। लेकिन जल्द ही फार्मर रजिस्ट्री हो जाएगी और यह समस्या दूर हो जाएगी।


