
चिरैयाकोट क्षेत्र में चला सघन वाहन चेकिंग अभियान, 31 वाहनों का चालान
20 Nov 2026
चिरैयाकोट (मऊ) : क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर गुरुवार की शाम वाहन चेकिंग अभियान के तहत वाहनों की सघन चेकिंग की गई। इस दौरान पुलिस के गरम तेवर देख अवैध ढंग से वाहन चलाने वाले सकपका गए। चेकिंग में अवैध पाए जाने पर 31 वाहनों का एमवी एक्ट के तहत चालान सहित आवश्यक कार्रवाई की गई।
खरिहानी तिराहा और कस्बा चौक पर चेकिंग
चिरैयाकोट थानाध्यक्ष विजय प्रकाश मौर्य ने खरिहानी तिराहा पर चेकिंग के दौरान 10 वाहनों का एमवी एक्ट में चालान किया। जबकि कस्बा चौक पर उप निरीक्षक वीरेन्द्र प्रताप श्रीवास्तव ने 05 और महिला उप निरीक्षक अंजली पांडेय ने भी 05 वाहनों का चालान किया। वहीं सरसेना-काझा मोड़ पर सरसेना पुलिस चौकी के नवागत प्रभारी सूरज सिंह ने 06 वाहनों का चालान किया।
सुल्तानीपुर चट्टी पर भी कसा शिकंजा
जबकि सुल्तानीपुर चट्टी तिराहे पर उप निरीक्षक संदीप चंदन ने 05 और उप निरीक्षक रुद्र प्रताप दुबे ने कांस्टेबल के साथ 05 वाहनों का चालान काटा।
थानाध्यक्ष ने दी चेतावनी, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई
इस बाबत थानाध्यक्ष विजय प्रकाश मौर्य ने बताया कि दो पहिया, तीन पहिया और चार पहिया वाहन चालक, गाड़ी के कागजात, लाइसेंस और आवश्यक दिशा-निर्देश / नियम के तहत सड़क पर चलें। वरना चेकिंग के दौरान गलत पाए जाने पर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई होना तय है।


