हलधरपुर : जिसे ले गए थे गवाही कराने, उसी के नाम करा दिया लोन

11 Sep 2025

- धोखाधड़ी से खरीद लिया ट्रैक्टर, किस्त मांगने एजेंट पहुंचा तो हुई जानकारी
- पीड़ित पहुंचा न्यायालय की शरण में, अदालत के आदेश पर मुकदमा दर्ज

मऊ :  हलधरपुर थाना क्षेत्र के करउत (सरखुलिया) गांव निवासी बृजेश राजभर को गवाही कराने ले गए जालसाजों ने उसके खेत का कागजात लगाकर पेपर साइन कराकर उसके नाम पर ही लोन लेकर ट्रैक्टर ले लिया l घटना 2023 की है l पीड़ित को उसके नाम पर लोन पर ट्रैक्टर लेने की जानकारी कुछ माह बाद तब हुई जब फाइनेंस कंपनी का एजेंट किस्तों का भुगतान करने के लिए उसके घर पहुंचाl अपने साथ हुए फ्रॉड की जानकारी होने के बाद पीड़ित ने पुलिस के यहां मदद की गुहार लगाई l वहां कोई सुनवाई न होने पर उसने अदालत की शरण ली l अदालत के आदेश पर ट्रैक्टर एजेंसी संचालक सहित कई के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में 10 सितम्बर 2025 को मुकदमा दर्ज किया गया l मुकदमा दर्ज करने के बाद हलधरपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है l

चंद्रशेखर लेकर पहुंचा निर्भय सिंह के पास

पीड़ित बृजेश राजभर करउत (सरखुलिया) निवासी राजनाथ राजभर का पुत्र है l वह अनपढ़ व्यक्ति हैl किसी तरीके से अपना नाम लिख लेता है। पीड़ित का कथन है कि उसके गांव का रहने वाला चन्द्रशेखर उर्फ रामनरायण उसके अनपढ़ व जाहिल होने का लाभ लेते हुए वर्ष 2023 में उसको लेकर निर्भय सिंह उर्फ डीएम पुत्र रविन्द्र सिंह निवासी मुस्तफाबाद थाना हलधरपुर के यहां पहुंचा l निर्भय सिंह को ट्रैक्टर खरीदना था l उन्होंने लोन पर ट्रैक्टर खरीदने में गवाही कराने के नाम पर बृजेश को लेकर बकवल स्थित आयशर ट्रैक्टर एजेन्सी आये l

मूल पेपर पर बनवा ली हस्ताक्षर

दोनों आरोपियों ने एजेन्सी मालिक को मिलाकर बृजेश से मूल वाहन स्वामी बनने वाले कागजातों पर हस्ताक्षर बनवा लिया l उसके आधार कार्ड की छायाप्रति व फोटो व निर्वाचन कार्ड भी ले लिये। निर्भय सिंह उक्त ट्रैक्टर लेकर चला गया। कुछ माह बीत जाने के बाद बृजेश के घर एलएनटी फाईनेन्स कम्पनी लिमिटेड के लोग पहुंचे l निर्भय सिंह द्वारा खरीदे गये ट्रैक्टर के बकाया किस्तों की मांग करने लगे। पीड़ित ने फाइनेंस कम्पनी के लोगों के यह बताया कि उक्त ट्रैक्टर प्रार्थी ने नहीं निर्भय सिंह ने खरीदा है। फाइनेंन्स कम्पनी के लोगो ने बताया कि उक्त ट्रैक्टर उसके नाम से खरीदा गया है l उन्होंने उक्त ट्रैक्टर का आरसी पेपर भी दिखाया l जिसे देखकर पीड़ित हतप्रभ हो गया।

ट्रैक्टर को भी कर दिया गायब

बृजेश राजभर ने 22.07.2025 को निर्भय सिंह से कहा कि आप से धोखाधड़ी व विश्वासघात करके उसके नाम पर जो ट्रैक्टर खरीदे हैं, उसे एजेन्सी को या फाइनेन्स वालों को वापस कर दीजिये l इस पर निर्भय सिंह व चन्द्रशेखर उर्फ रामनरायण ने कहा कि ट्रैक्टर हमारे पास नही है। उक्त ट्रैक्टर तुम्हारे नाम से है, सारी किस्त तुम जमा करोगे l पीड़ित ने रोते गिड़गिडाते हुए अपनी गरीबी का हवाला भी दिया लेकिन वह कुछ भी सुनने को तैयार नहीं हुए l उल्टा उसी पर किस्त जमा करने को लेकर अवैधानिक तरीके से दबाव बनाते हुए फर्जी मुकदमे में फसाने व जान से मारने की धमकी देने लगे। पीड़ित कई बार उक्त घटना की सूचना थाने पर दिया लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। पुलिस अधीक्षक को भी डाक के जरिए प्रार्थना पत्र भेजकर ट्रैक्टर को बरामद करने और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग कीl कोई कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने अदालत की शरण लीl अदालत के आदेश पर 10 सितंबर 2025 को हलधरपुर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है l

 



अन्य समाचार