
चिरैयाकोट में साहू समाज ने दिया राजनैतिक पहचान बनाने पर जोर
16 Sep 2025
- गुलाब चंद्र साहू मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष बने
चिरैयाकोट (मऊ) : नगर के वलीनगर मुहल्ला स्थित एक कटरा में सोमवार को राष्ट्रीय तेली/साहू महासंगठन के प्रदेश अध्यक्ष डा.दिनेश चन्द्र साहू की अध्यक्षता में संगठन के पदाधिकारियों की एक बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से गुलाब चन्द्र साहू को मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा क्षेत्र से संगठन का अध्यक्ष चयनित किया गया। माह के हर चौथे शनिवार को क्षेत्र में संगठन के पदाधिकारियों की बैठक किये जाने का निर्णय लिया गया।
शिक्षा के प्रति जागरूकता जरुरी : डा. दिनेश
बैठक को सम्बोधित करते हुए संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डा.दिनेश चन्द्र साहू ने संगठन को गतिशील बनाने के लिए सुझाव प्रकट करते हुए कहा कि शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में तेली समाज के लोगों को सशक्त बनाने की दरकार है। संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता के साथ मिलकर प्रदेश के हर कोने में तेली समाज की आवाज को बुलंद करने का कार्य करें। जिससे तेली समाज के लोग सामाजिक और राजनीतिक मंचों पर अपनी पहचान स्थापित कर सकें।
समाज के उत्थान को जी जान से करेंगे कार्य
नव चयनित विधानसभा अध्यक्ष गुलाब चन्द्र साहू ने संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डा.दिनेश चंन्द्र साहू के नेतृत्व में एकजुट होकर कार्य करने और तेली समाज के उत्थान हेतु जी जान से कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में साहू समाज के डा. श्याम करण साहू, मोती चंद्र गुप्ता, श्रीनिवास ऊर्फ नौमी गुप्ता, अरविंद, हंसनाथ गुप्ता, रमेश, उमेश, दिनेश, संतोष, गोवर्धन, शंकर, राकेश आदि उपस्थित रहे।


