
चिरैयाकोट में एएसपी ने सख्त लहजे में दी चेतावनी
17 Sep 2025
- पीस कमेटी की बैठक में कहा उत्पात करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
चिरैयाकोट (मऊ) : स्थानीय थाना परिसर में मंगलवार को आगामी पर्व दुर्गा पूजा, दशहरा मेला और मूर्ति विसर्जन की सुरक्षा को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक हुई। एएसपी ने कहा कि पर्व खुशियों का पैगाम लेकर आते हैं। जिसे आपस में मिल जुल कर शान्तिपूर्ण ढंग से मनाया जाना चाहिए। पर्व मनाने वाले भी इस दौरान आग बुझाने का संसाधन, मण्डप में लोगों की सुरक्षा सहित ऐसा एहतियात बरतें, जिससे न कोई विवाद उभरे और न ही किसी की भावना को ठेस पहुंचे।
थानाध्यक्ष ने पूर्व में हुए विवादों को क्रमवार बताया
थानाध्यक्ष योगेश यादव ने नगर में रामलीला मंच/मैदान और मस्जिद के आस पास होने के चलते बीते वर्षों में पर्वों के दौरान हुए विवादों का क्रमवार उल्लेख करते हुए घटनाओं से अपर पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया। जिसके सम्बंध में एएसपी ने मौजूद लोगों से कहा कि आप लोगों के त्योहारों को पुलिस संपन्न करवाती है। डीजे बजाकर शोर मचाने से भगवान तो नही मिलेंगे परन्तु उसके ध्वनि प्रदूषण से किसी की जान जा सकती है। इसलिए मानक के अनुसार कम ध्वनि में ही डीजे का प्रयोग करें।
डीजे की ध्वनि व संख्या का निर्धारण
बीते वर्षों में घटित घटनाओं के सम्बंध मे एएसपी ने कहा कि पर्व पर पुलिस प्रशासन की तरफ से सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम रहेगा। उत्पात करने वालों की खैर नहीं होगी l उन्हें किसी हाल में बख्शा नहीं जायेगा। इसलिए सभी लोगों से आग्रह है कि पुलिस को डण्डा उठाने पर मजबूर न करें।
सीओ शीतला प्रसाद पाण्डेय ने आयोजकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि डीजे की संख्या छोटे वाहनों पर बाडी से उपर नहीं होनी चाहिए।दुर्गा पूजा, रामलीला और दशहरा मेला तय परम्परा के तहत मनायें। कोई नया कार्य नहीं होना चाहिए। प्रशासन के निर्देशों का उलंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी।
थाने पर देनी होगी वालंटियरों की सूची
थानाध्यक्ष योगेश यादव ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर पुलिस शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहेगी। सभी दुर्गा पूजा समीतियां पण्डाल की सुरक्षा हेतु वालंटियर नियुक्त कर थाने को भी अवगत कराएं।
इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर उप निरीक्षक राकेश सिंह, विरेन्द्र दूबे, रामजी पाण्डेय, यशवंत पांडेय, राजकुमार दूबे, सवरु यादव, मनोज, नगर पंचायत कर्मचारी अजीत सिंह, अजय चौबे, विष्णु मद्धेशिया, आकाश वर्मा, दुर्गविजय यादव, इरशाद अंसारी, संदीप कुमार आदि की मौजूदगी रही l


