
कक्षा नौ की छात्रा को दी गई चिरैयाकोट थाने की कमान
24 Sep 2025
-मिशन शक्ति के तहत थानाध्यक्ष की संभाली कुर्सी
- चार समस्याओं के निस्तारण का दिया उचित सुझाव
- कक्षा आठवीं की छात्रा ने संभाला प्रिंसिपल का पदभार
चिरैयाकोट (मऊ) : प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन हेतु चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-05 अभियान के तहत मंगलवार को क्षेत्र मे थाना सहित अलग अलग स्थानों पर कार्यक्रम का आयोजन रहा। इसके तहत एक दिन के लिए कक्षा नौ की छात्रा को थानाध्यक्ष तो वहीं कक्षा आठवीं की छात्रा को प्रधानाध्यापक बनाया गया। उन्होंने अपने पद का प्रयोग कर सबको चकित कर दिया।
दीक्षा दूबे बनी थानाध्यक्ष
चिरैयाकोट थाने में नगर स्थित पीकेएस पब्लिक स्कूल के कक्षा नौ की छात्रा दीक्षा दूबे को एक दिन के लिए थानाध्यक्ष बनाया गया। इस दौरान दीक्षा ने चार समस्याओं का उचित निस्तारण बताकर सबको चकित कर दिया। इस अवसर पर थानाध्यक्ष योगेश यादव सहित महिला उप निरीक्षक अंजली पाण्डेय सहित पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे।
अंशिका ने स्वच्छता पर दिया जोर
इसी क्रम में थाना क्षेत्र स्थित पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय करमी शिक्षा क्षेत्र रानीपुर में मिशन शक्ति के तहत एक दिन के लिए आठवीं कक्षा की छात्रा अंशिका सिंह को विद्यालय का प्रधानाध्यापक बनाया गया। पद का निर्वहन करते हुए छात्रा कुमारी अंशिका ने उपस्थित 279 बच्चों से विद्यालय को प्लास्टिक मुक्त और ग्रीन स्कूल सहित स्वच्छ स्कूल बनाने की अपील की। एमडीएम में रसोईयों को साफ सफाई अपनाने का निर्देश देते हुए अध्यापकों को अपने अपने दायित्व के प्रति जागरूक रहने की नसीहत दी।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुहम्मद अयूब खान, बलिराम चन्द्र सिंह जिलाध्यक्ष शिक्षामित्र sangh, वसंत वैष्णव, अभिषेक सिंह, अंजू सिंह, सीमा यादव, सुशीला रावत सहित विद्यालय कर्मचारी मौजूद रहे।


