
चिरैयाकोट के सत्यम की सैदपुर में हादसे में मौत
25 Sep 2025
- भीमापार बाजार के पास हुई दुर्घटना
चिरैयाकोट (मऊ) : नगर के वार्ड 13 जमीन दुर्गा निवासी 26 वर्षीय बाइक सवार युवक की बुधवार को गाजीपुर जनपद के सैदपुर थाना क्षेत्र स्थित भीमापार बाजार के समीप मार्ग दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। घर के एकलौते पुत्र के मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। लोग आनन फानन घटना स्थल पर पहुंचे। वहां पुलिस शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु गाजीपुर मर्चरी हाऊस भेजा।
जा रहा था रिश्तेदारी
चिरैयाकोट नगर के जमीन दुर्गा मुहल्ला निवासी 26 वर्षीय सत्यम विश्वकर्मा पुत्र बाकेलाल विश्वकर्मा बुधवार की सुबह बाइक से आवश्यक कार्य से गाजीपुर जनपद के सैदपुर स्थित रिश्तेदारी जा रहा था। इस दौरान सैदपुर थाना क्षेत्र के भीमापार बाजार के समीप पीछे से अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इसके चलते गिरकर बाइक सवार गम्भीर रुप से घायल हो गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बुझ गया एकलौता चिराग
नगर के जमीन दुर्गा मुहल्ला निवासी मृतक सत्यम के पिता बाकेलाल विश्वकर्मा चिरैयाकोट के व्यवसायी और पूर्व पत्रकार हैं। तीन बेटी और एक बेटा से हरा भरा परिवार था। मृतक तीसरे नम्बर पर था। उसकी मौत से परिवार का एकलौता चिराग बुझ गया। वहीं घटना के चलते मुहल्ले में शोक व्याप्त है। मां गीता देवी ,बहन नीतू, नेहा, निधि सहित परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।


