चिरैयाकोट : रामलीला से पहले शुरू हुई आयोजकों की लीला

28 Sep 2025

- कार्यवाहक अध्यक्ष ने संचालनकर्ता को हटाया
- संचालनकर्ता ने लगाया जातिगत दुर्भावना का आरोप

चिरैयाकोट (मऊ) : स्थानीय नगर की रामलीला में 12 वर्षों से संचालन कर रहे संचालनकर्ता को कार्यवाहक अध्यक्ष ने हटाने का फरमान सुना दिया l साथ ही संचालन कर्ता की पर्सनल डायरी मांगने की बात को लेकर कमेटी दो खेमे में हो गई l इसे लेकर दोनों खेमों में विवाद गहराता जा रहा है। संचालन कर्ता ने एसडीएम मुहम्मदाबाद गोहना और पुलिस प्रशासन को पत्रक देकर दलित होने के नाते संचालन से हटाने और संचालन की व्यक्तिगत डायरी मांग कर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। न्याय न मिलने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है। इस सम्बंध में प्रशासन शुक्रवार की शाम सहित कई बार बैठक कर दोनों पक्षों को एक पटरी पर लाने का प्रयास कर चुका है, परन्तु कोई नतीजा नहीं निकला। पुलिस परिस्थितियों के मद्देनजर दोनों पक्ष से आठ लोगों को 107/16 में पाबंद कर आवश्यक कार्यवाही भी कर चुकी है।

12 वर्ष से संचालन करते रहे अशोक

संचालन कर्ता अशोक कुमार अश्क चिरैयाकोटी द्वारा एसडीएम और पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र के मुताबिक पीड़ित पुराने कागज और पौराणिक ग्रंथों का चार माह तक अध्ययन कर अपने विवेक से रामलीला मंचन की डायरी तैयार किया। गत् 12 वर्षों से बिना किसी विवाद के रामलीला का मंचन करवाते चले आ रहे हैं। गत वर्ष से रामलीला में कुछ लोगों के अनैतिक कार्यों का विरोध करने के चलते विपक्षी जातिगत दुर्भावना से ग्रसित होकर उनके उत्पीड़न पर तुले हैं l कार्यवाहक अध्यक्ष रामजी पाण्डेय ने गत शनिवार को संचालन कर्ता अशोक कुमार अश्क को इस वर्ष मंच पर आने और रामलीला का संचालन करने से मना करने के सम्बंध मे पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया ।             

पर्सनल डायरी की मांग पर अड़े अध्यक्ष 

क्षेत्राधिकारी शीतला प्रसाद पाण्डेय ने दोनों पक्षों के साथ थाना परिसर में बैठक किया। बैठक में दोनों पक्षों द्वारा आरोप प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। इस दौरान एक व्यक्ति द्वारा राम की कुर्सी पर दलित संचालन कर्ता के बैठने का आरोप लगाया गया। जिस पर रामलीला कमेटी के उपाध्यक्ष सुबास जायसवाल ने आरोप को गलत बताते हुए बताया कि वह कुर्सी 20 वर्ष से वहां है। उस पर पर बैठकर सभी संचालन कर्ता रामलीला का रिहर्सल करवाते हैं। कुर्सी के विवाद को देखते हुए सीओ शीतला प्रसाद पाण्डेय ने उपाध्यक्ष को वहां से वह कुर्सी सदैव के लिए हटा देने का सुझाव दिया, ताकि विवाद समाप्त हो सके। इसके बावजूद कार्यवाहक अध्यक्ष रामजी पाण्डेय संचालन कर्ता अशोक कुमार को हटाने और उनकी पर्सनल डायरी की मांग पर अड़े रहे।

प्रशासन का प्रयास भी बेनतीजा

सीओ ने कहा कि कमेटी में किसी को निकालने या रखने का अधिकार पुलिस को नहीं है। कमेटी के लोग आपस में तय करें कि कौन रहेगा कौन नहीं। बैठक बेनतीजा रही। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश यादव ने सोमवार को प्रेमचंद मौर्य, रामजी पाण्डेय और मनोज मद्धेशिया से वार्ता कर संचालन के विवाद को हल करने का प्रयास किया, परन्तु अध्यक्ष की हठवादिता के चलते प्रयास नाकाम रहा। इसके चलते मर्माहत होकर संचालन कर्ता अशोक कुमार ने रामलीला की निवर्तमान कमेटी का नया गठन न होने तक रामलीला में न जाने का निर्णय लिया। इसके बाद भी कार्यवाहक अध्यक्ष नहीं माने, संचालन कर्ता की पर्सनल डायरी की मांग पर अड़ गए।

डायरी की मांग की खारिज

इस बाबत शुक्रवार की शाम तहसीलदार अनीस सिंह और सीओ शीतला प्रसाद की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें शारीरिक अस्वस्थता के कारण संचालन कर्ता और उपाध्यक्ष सुबास जायसवाल उपस्थित नहीं हो पाए। इसके बावजूद मौजूद लोगों से वार्ता हुई। जिसमें कार्यवाहक अध्यक्ष द्वारा संचालन कर्ता के डायरी की मांग को सीओ ने अस्वीकार करते हुए कहा कि किसी की व्यक्तिगत डायरी को उसकी मर्जी के बगैर जबरदस्ती नहीं दिलवाया जा सकता। इसके बाद कार्यवाहक अध्यक्ष ने अपने बूते पर रामलीला टीम मंगाकर रामलीला करवाने का निर्णय लिया। इसके बाद बैठक समाप्त हो गई।

पुलिस ने आठ लोगों को किया पाबंद

उपरोक्त निर्णय की संचालन कर्ता अशोक कुमार को जानकारी होने और सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर संचालन कर्ता के विरुद्ध गलत तथ्यों के साथ भ्रामक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर छवि धूमिल करने के प्रयास पर काफी मर्माहत हुए l तत्पश्चात एसडीएम और पुलिस प्रशासन को विपक्षियों के विरुद्ध पत्रक देकर न्याय की गुहार लगाई। न्याय न होने पर आत्मदाह करने तक की चेतावनी दी है। इसे लेकर प्रशासन हलकान है। इस बाबत थानाध्यक्ष योगेश यादव का कहना है कि समस्या के दृष्टिगत दोनो पक्षों से  107/16 में आठ लोगों को पाबंद कर पुलिस आगे की कार्यवाही में जुटी हुई है।



अन्य समाचार