
बीजेपी नेता के पुत्र को फंसाना खुरहट चौकी के दारोगा धर्मेंद्र शुक्ला को पड़ सकता है भारी
11 Jan 2026
- कानून के उल्लंघन के आरोप में आ सकते हैं कानूनी जद में
मऊ : रानीपुर थाना क्षेत्र के खुरहट चौकी के दरोगा धर्मेंद्र शुक्ला कानून का उल्लंघन करने को लेकर सुर्खियों में हैं l खाकी धारण करने के बाद कानून को हाथों में लेने से बाज न आने वाले दारोगा धर्मेंद्र शुक्ला खुद कानून की जद में आ सकते हैं l भाजपा नेता के पुत्र को फंसाने का मामला तूल पकड़ लिया है l मामला रानीपुर थाना क्षेत्र के एक एकडंगा गांव से हुई एक गिरफ्तारी का है l आरोप है कि दारोगा धर्मेंद्र शुक्ला द्वारा गिरफ्तार किए गए युवक को 48 घंटे थाने में बैठाने के बाद चालान किया गया जो कानून का उल्लंघन करने की श्रेणी में आता हैl इतना ही नहीं युवक पर जिस व्यक्ति को मारने पीटने और छिनैती करने का आरोप था वह पीड़ित समझौता करने को भी तैयार थाl इसके बावजूद पुलिस ने जबरन मुकदमा लिखकर न्यायालय में पेश किया, जहां न्यायालय ने दरोगा धर्मेंद्र शुक्ला को खरी खोटी सुनाते हुए युवक को तुरंत बेल दे दिया l पुलिस ने जिस युवक को गिरफ्तार किया, उसकी गिरफ्तारी का समय उसके घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है l बावजूद इसके कानून का उल्लंघन कर 48 घंटे थाने पर बैठाने के बाद दूसरी जगह से पुलिस ने गिरफ्तारी दिखाई l
ट्रक ड्राइवर से हुआ था विवाद
बीजेपी नेता रामदरश राजभर रानीपुर थाना क्षेत्र के एकडंगा गांव के रहने वाले हैं l उन्होंने पुलिस अधीक्षक, पुलिस महानिदेशक, डीआईजी समेत उच्च अधिकारियों को भेजे गए प्रार्थना पत्र में कहा है कि 28 दिसंबर 2025 समय लगभग 8 बजे रात्रि को ट्रेलर 22 चक्का ट्रक के ड्राईवर किशन यादव पुत्र जितेन्द्र यादव निवासी सोनिसा, थाना-रानीपुर ने एकडंगा चट्टी पर उनके पुत्र शैलेन्द्र राजभर के दो पहिया वाहन में धक्का मार दिया l जिसके चलते तू-तू मैं-मै एवं धक्का मुक्की हुईl आवाज सुनकर विकास चौबे व अन्य ने बीच बचाव किया। धक्का मुक्की में किशन यादव का 54,000/रु० व एक मोबाईल ट्रक के नीचे गिर गया। जल्दीबाजी में मोबाईल व 54,000/ रुपये व मारपीट के सम्बन्ध में थाना-रानीपुर में प्रार्थना पत्र दिया।
दो दिन बंद रखा थाने में
प्रभारी चौकी इन्चार्ज खुरहट धर्मेन्द्र शुक्ल जबरदस्ती शैलेन्द्र राजभर को 8:30 बजे रात्रि में ही घर से उठा ले गए l तब तक किशन यादव का मोबाईल व पैसा ट्रक के नीचे गिरा मिला। तुरन्त किशन यादव थाना-रानीपुर को सूचना दिया कि ट्रक के नीचे पैसा व मोबाईल गिरा था, जो मिल गया है। साहब हमें कोई कार्यवाही नहीं करना है, इनको छोड़ दीजिए। बावजूद इसके एसएचओ रानीपुर ने किशन यादव का मोबाईल ले लिया। शैलेन्द्र राजभर को दो दिन थाने में बन्द करके रखा, फिर 30 दिसंबर 2025 को गम्भीर धाराओं में चालान कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज में दर्ज है गिरफ्तारी
भाजपा नेता का कथन है कि 29 दिसंबर 2025 की देर रात्रि लगभग 3 बजे भोर में पुलिस शैलेन्द्र राजभर को (लाकअप) थाने से रेलवे स्टेशन खुरहट ले आई और पुनः थाने पर ले गई। पीड़ित ने स्पष्ट बयानहल्फी दिया और न्यायालय के सामने आकर कहा कि मेरे साथ कोई घटना नहीं हुईl 8:30 बजे रात्रि में दरोगा धर्मेंद्र शुक्ला और अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा प्रार्थी के घर से शैलेन्द्र राजभर को उठाने का विवरण सीसीटीवी फुटेज में दर्ज है l
दोषियों पर कार्रवाई की मांग
भाजपा नेता ने मांग किया है कि उनके पुत्र शैलेन्द्र राजभर की गिरफ्तारी व घटना के बावत जाँच कराया जाना नितान्त आवश्यक है l कब गिरफ्तारी की गयी व कब छोड़ा गया। उनका कहना है कि जॉचोपरान्त घटना के सम्बन्ध में सच्चाई सामने आ जायेगी कि किस तरह से पुलिस द्वारा मनमानी की जा रही है। उन्होंने दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ न्याय संगत कार्रवाई की मांग की है l


