चिरैयाकोट में चार चोरियों का खुलासा

14 Mar 2026

- तीन अंतरजनपदीय चोर गिरफ्तार

चिरैयाकोट (मऊ) : नगर के वलिनगर मुहल्ला में 04 मार्च की रात कपड़ा व्यवसायी के बंद आवासीय किराए के मकान से डायमंड की रिंग,सोने चादी के आभूषण और 40 हजार नगदी सहित लाखों की चोरी सहित चार चोरियों का पुलिस ने खुलासा कर दिया l घटना में लिप्त अंतर जनपदीय शातिर चोरों को पुलिस ने गुरुवार की देर रात 2.50 बजे अल्देमऊ/सरौंदा मार्ग पर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल किया। गिरफ्तार चोरों के पास से चोरी की 02 अदद चैन पीली धातु, 02 अदद मंगलसूत्र पीली धातु, 01 अदद मोती माला पीली धातु ,17 जोड़ी पायल सहित 1360 रूपये नगदी बरामद हुआ। जिसकी अनुमानित लागत कुल 13लाख 10 हजार होना बताया गया है। इसके साथ ही चोरी की घटना में प्रयुक्त एक अदद टार्च निप्पो फ्लेम रंग काला, एक अदद पिलास, 02 अदद पेचकस व 02 अदद लोहे का राड भी बरामद हुआ। तत्पश्चात पुलिस ने पहले से दर्ज मुकदमा मे धाराओं की वृद्धि करते हुए अभियुक्तों को न्यायालय चालान भेजकर आवश्यक कार्यवाही की।

गाजीपुर के हैं तीनों शातिर 

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध/अपराधियों/वांछित अभियुक्तो की गिरफ्तारी को लेकर चलाये जा रहे अभियान के तहत गुरुवार की देर रात्रि क्षेत्र रखवाली भ्रमण के दौरान थानाध्यक्ष सुबाष चंन्द्र हमराही उ0नि0 गिरधर सिंह, नितेश कुमार तिवारी, हेड कांस्टेबल अवधेश यादव, अरूण यादव, कांस्टेबल रविन्द्र और आदित्य गुप्ता के साथ गश्त में थे। इस दौरान अल्देमऊ सरौंदा मार्ग पर तीन शातिर चोरों को पकड़ने में सफलता हासिल की। जिनकी मनीष गुप्ता पुत्र स्व० सदानन्द गुप्ता निवासी सुजावलपुर कपूरपुर थाना कोतवाली जनपद गाजीपुर, छोटे लाल उर्फ छोटू बिन्द पुत्र शम्भू बिन्द निवासी पिपरही थाना नन्दगंज जनपद गाजीपुर और इमरान पुत्र शाहिद निवासी रजदेपुर नई बस्ती थाना कोतवाली जनपद गाजीपुर रुप में पहचान हुई।

कपड़ा व्यवसायी के घर को बनाया था निशाना 
बताते चले कि आजमगढ़ जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दौलताबाद निवासी रमेश सिंह पुत्र लक्षमण सिंह की चिरैयाकोट बाजार में रोडवेज मस्जिद समीप कपडे़ की दुकान है। वह नगर के वलिनगर मुहल्ला स्थित किराए के मकान में परिवार समेत रहते हैं। 3 मार्च की शाम पीडित के निवास गांव से पिता के मौत की सूचना मिलते ही दुकान और मकान बंद कर परिवार सहित निवास गांव चले गए। इस बीच चोरों ने उनके छत पर चढ़कर सीढी घर के दरवाजे के पास दीवार तोड़कर छेद कर दिए। छेद से अन्दर हाथ डालकर दरवाजे की सिटकनी खोल कर अंदर घुस गए। कमरों में मौजूद आलमारी, बक्सा तोड़कर एक डायमंड रिंग, सोने चांदी के आभूषण और 40 हजार नगदी सहित लगभग 25 लाख से अधिक का सामना चुरा कर फरार हो गए। पीडित परिवार पिता का दाह संस्कार करके 05 मार्च को जब वापस लौटा तो घटना की जानकारी हुई थी। इस बाबत पुलिस अज्ञात के विरुद्ध एफआईआर लिखकर चोरों की सरगर्मी से तलाश कर रही थी।

वाराणसी में भी दर्ज है मुकदमा 

गिरफ्तार चोरों का आपराधिक इतिहास बताते हुए थानाध्यक्ष सुबाष चंन्द्र ने बताया कि ग्राम छपराचक बदरुद्दीन में तीन घरों और नगर के वलिनगर सहित चार घरों मे चोरी करने वाले  अभियुक्त मनीष गुप्ता पुत्र स्व० सदानन्द गुप्ता निवासी सुजावलपुर कपूरपुर थाना कोतवाली जनपद गाजीपुर के विरुद्ध थाना मडुवाडीह जनपद कमिश्नरेट वाराणसी में 01मुकदमा, थाना सारनाथ जनपद कमिश्नरेट वाराणसी में 06 मुकदमे और थाना चिरैयाकोट में 02 सहित कुल नौ मुकदमे पंजीकृत हैंl अभियुक्त छोटे लाल उर्फ छोटू बिन्द पुत्र शम्भू बिन्द निवासी पिपरही थाना नन्दगंज जनपद गाजीपुर के विरूद्ध  थाना करण्डा जनपद गाजीपुर में 01, थाना नन्दगंज जनपद गाजीपुर में 01, थाना चिरैयाकोट जनपद मऊ में 02 सहित कुल चार मुकदमे पंजीकृत हैं । अभियुक्त इमरान पुत्र शाहिद निवासी रजदेपुर नई बस्ती थाना कोतवाली जनपद गाजीपुर के विरुद्ध थाना चिरैयाकोट जनपद मऊ में कुल 02 मुकदमे पंजीकृत हैं।



अन्य समाचार