
घोसी सांसद राजीव राय को याद रही जिम्मेदारी, भिजवाई दिवाली की त्यौहारी
06 Nov 2026
स्व. बाबूलाल राजभर के परिवार में फल-मिठाई, कपड़े व आर्थिक सहायता भेजी
मऊ : घोसी लोकसभा क्षेत्र के सपा सांसद राजीव राय को सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदना से जुड़ी अपनी जिम्मेदारी याद रही। दीपावली के पावन अवसर पर सांसद ने अपने प्रतिनिधिमंडल को बड़ागांव स्थित स्व. बाबूलाल राजभर के परिजनों के बीच भेजकर उन्हें फल, मिठाई, कपड़े, पटाखे और आर्थिक सहयोग प्रदान कराया।
छह वर्ष पूर्व अनाथ हो गया था परिवार
सांसद राजीव राय ने बताया कि आज से लगभग 6 वर्ष पूर्व बड़ागाँव के गरीब मजदूर बाबूलाल राजभर का अचानक देहांत हो गया था। उस समय 7 मासूम बच्चों समेत 10 सदस्यों का परिवार पूरी तरह अनाथ और बेसहारा हो गया था। परिवार की स्थिति इतनी दयनीय थी कि अंतिम संस्कार तक के पैसे नहीं थे और सिर छुपाने के लिए केवल एक कच्ची झोपड़ी थी।
बच्चे हासिल कर रहे शिक्षा
उस विकट और दुखद समय में सांसद राजीव राय ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अंतिम संस्कार से लेकर पूरे परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा, पक्के मकान का निर्माण और बिटिया का विवाह संपन्न कराने तक की पूरी जिम्मेदारी ली और परिवार को गोद ले लिया था। आज सभी बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं और परिवार पक्के मकान में सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर रहा है।
बोले सांसद, कहीं भी रहूं याद रहेगी जिम्मेदारी
सांसद राजीव राय ने अपना संकल्प दोहराते हुए कहा कि मैं कहीं भी रहूं, यदि मेरे बच्चों की दिवाली मनती है तो इस परिवार की दिवाली भी खुशहाली से मनेगी, इसकी जिम्मेदारी मेरी है। इसी प्रतिबद्धता के तहत हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दीपावली पर प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से परिवार तक त्योहार की खुशियां और राहत सामग्री पहुंचाई गई।
की भावुक अपील, असहायों के जीवन में भी फैलाए उजाला
इस अवसर पर सांसद राजीव राय ने क्षेत्रवासियों एवं देशवासियों को शुभ दीपावली की बधाई देते हुए एक भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि दीपावली का असली मर्म केवल अपने घर को सजाना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े किसी गरीब और असहाय व्यक्ति के जीवन में भी उजाला फैलाना है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि अपने हिस्से की खुशियों में से थोड़ा योगदान देकर किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रण लें।


