
हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया डाला छठ
15 Nov 2026
डूबते सूर्य को दिया गया अर्घ्य
चिरैयाकोट।मऊ : क्षेत्र में रविवार की शाम सूर्य षष्ठी (डाला छठ) का पर्व हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर सरौंदा कुटी पोखरा पर निर्जल व्रतधारी महिलाओं ने जलाशय में खड़ा रहकर डूबते सूर्यदेव को अर्घ्य देकर जीवन मंगलमय, लंबी उम्र व सुख-समृद्धि की कामना की और पूजा-अर्चना की।
छठ गीतों से भक्तिमय हुआ वातावरण
इस दौरान श्रद्धालु महिलाओं एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से छठ गीतों के गायन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। जिसके चलते नदी, तालाबों पर काफी चहल-पहल बनी रही।
प्रशासन ने की थी पुख्ता व्यवस्था
वहीं नगर प्रशासन ने पर्व के मद्देनजर सभी जलाशयों पर साफ-सफाई और प्रकाश की व्यवस्था चौकस कर रखी थी। सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस प्रशासन ने पूजा स्थलों पर पुलिस फोर्स की तैनाती कर स्वयं दल-बल के साथ चारों ओर भ्रमण किया।
इन घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
इस क्रम में रविवार को नगर के 'खाकीबाबा कुटी प्रांगण' स्थित तालाब सहित थाना प्रांगण तालाब, दरियापट्टी पोखरा, अब्दुल खैर पोखरा, सुल्तानीपुर, करमी, सिरसा, देवखरी, सरौंदा, समाउद्दीनपुर, सरसेना, कमथरी, नूरपुर, मंगलपुर, सचुई, रायपुर, मीर्जापुर, चन्द्रावती आदि गांवों के तालाबों व मंगई और भैंसही नदी के तटों पर पर्व को हर्षोल्लास से मनाया गया।


